10 दिन पहले सगाई, कुछ महीनों में शादी... फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव ने मरने से पहले बहुतों की जान बचाई
Gujarat Crash: फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की 10 दिनों पहले ही सगाई हुई थी, कुछ महीनों में उनकी शादी होनी थी… इस क्रैश में उनकी मौत हो गई. जिस परिवार में खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां शोक की लहर दौड़ गई. सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे शहर के लोग गम में डूब गए.
फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव (Flight Lieutenant Siddharth Yadav) उम्र 28 साल. 23 मार्च को उनकी सिद्धार्थ की सगाई हुई. 2 नवंबर को शादी तय हुई. हरियाणा के रेवाड़ी में उनके घर पर शादी को लेकर खुशी का माहौल था. सगाई और परिवार के साथ समय बिताने के बाद, 31 मार्च को वो ड्यूटी पर लौट गए. 2 अप्रैल को अपनी रूटीन ट्रेनिंग के दौरान, सिद्घार्थ भारतीय वायुसेना का एक ‘जगुआर लड़ाकू विमान’ उड़ा रहे थे. विमान में तकनीकी दिक्कतें आईं. सिद्धार्थ और उनके को-पायलट को कोई और रास्ता न दिखा. उन्हें अंदाजा हो गया था कि अब विमान क्रैश होने वाला है. उन्होंने ये सुनिश्चित किया कि इस क्रैश से एयरफील्ड और स्थानीय लोगों को कोई नुकसान न पहुंचे
सिद्धार्थ और उनके को-पायलट, विमान को घनी आबादी वाले इलाकों से दूर खुले मैदान की ओर ले गए. गुजरात के जामनगर से लगभग 12 किलोमीटर दूर सुवरदा गांव में रात के करीब 9:30 बजे, ये विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान के टकराने पर उसमें आग लग गई और मलबा पूरे मैदान में बिखर गया. स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी. यादव के को-पायलट की जान बच गई. उनका इलाज चल रहा है.
लेकिन जिस सिद्धार्थ की 10 दिनों पहले ही सगाई हुई थी, कुछ महीनों में जिनकी शादी होनी थी… इस क्रैश में उनकी मौत हो गई. जिस परिवार में खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां शोक की लहर दौड़ गई. सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे शहर के लोग गम में डूब गए.
Comments
Post a Comment