भारत-पाक तनाव के बीच फिर बिहार आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रोहतास में तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
रोहतास। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल के बीच बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बिहार में इस वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे ने चुनावी चर्चा को नया जीवन दे दिया है। प्रधानमंत्री मोदी 30 मई को रोहतास जिले के बिक्रमगंज में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसकी तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं।
बुधवार को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने निरीक्षण किया। उनके साथ कई वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे। करियवा बाल, पटेल महाविद्यालय घोसिया खुर्द, वरना मोड़ सलेमपुर, जमुआ खेल मैदान और गोडारी जैसे संभावित स्थलों पर सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम स्थल पर सभा मंच, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासनिक अमला पूरी तत्परता से तैयारियों में जुटा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान काराकाट विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें सड़क, पुल, पुलिया और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं भी की जाएंगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास कार्यों की समीक्षा और नई योजनाओं की घोषणा के लिहाज़ से महत्वपूर्ण है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिकोण से भी एक बड़ा संकेत है।


Comments
Post a Comment